आधुनिक एफडीआर तकनीक से सुदृढ़ हो रहा करसोग का सड़क नेटवर्क
राज्य सरकार द्वारा सड़क अवसंरचना को सुदृढ़, सुरक्षित और टिकाऊ बनाने के लिए प्रभावी सड़क विकास नीति अपनाई जा रही है। ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों तक आधुनिक तकनीक पर आधारित बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इसके दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तृतीय चरण (पीएमजीएसवाई-3) में करसोग क्षेत्र में सड़कों के निर्माण में आधुनिक तकनीक एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) का प्रयोग किया जा रहा है।
सड़कें विकास की आधारशिला मानी जाती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन तथा व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलती है। करसोग क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और बढ़ते यातायात दबाव के दृष्टिगत राज्य सरकार द्वारा सड़क निर्माण कार्यों में आधुनिक तकनीक को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर, आरामदाय...








