Monday, March 2
Shadow

रिकार्डतोड़ होगी गोहाना विधानसभा की धन्यवाद रैली-डॉ अरविंद शर्मा

चंडीगढ़, 1 मार्च- सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि 29 मार्च को गोहाना में गोहाना विधानसभा की धन्यवाद रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यातिथि के तौर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करते हुए विकास का पिटारा खोलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में आयोजित हो रही धन्यवाद रैलियों में गोहाना की रैली रिकार्डतोड़ साबित होगी।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज गोहाना स्थित दीपांशी गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में विधानसभा चुनाव के दौरान बूथ स्तर पर मजबूती से डटे रहे बूथ एजेंटों, जिला व विधानसभा पदाधिकारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया तथा सभी को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

 सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि बूथों की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के कारण ही गोहाना विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय मिली। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत जमीनी स्तर के कार्यकर्ता होते हैं, जो हर परिस्थिति में पार्टी के साथ खड़े रहते हैं। ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान करना और उनकी चिंता करना उनका नैतिक दायित्व है।

 उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गांवों और शहरी वार्डों में होने वाले प्रत्येक विकास कार्य में कार्यकर्ताओं की राय और सुझाव को महत्व दिया जाएगा, ताकि योजनाएं जनता की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बन सकें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गोहाना विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। गोहाना नगर परिषद सहित क्षेत्र के 62 गांवों के विकास कार्यों को लेकर वे लगातार मुख्यमंत्री से चर्चा कर रहे हैं, जिससे हर क्षेत्र में संतुलित और तेज गति से विकास सुनिश्चित हो सके।

 सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने घोषणा करते हुए कहा कि 29 मार्च को गोहाना विधानसभा क्षेत्र में भव्य धन्यवाद रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस रैली को ऐतिहासिक बनाया जाए और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह रैली गोहाना की एकता और संगठन की मजबूती का प्रतीक बनेगी, जिसमें लोग आधुनिक वाहनों के साथ-साथ पारंपरिक साधनों से भी पहुंचेंगे।

 डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल में युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब योग्यता के आधार पर ही नौकरियां दी जा रही हैं, जिससे युवाओं का सरकार और व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं और समाज के अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश की सांस्कृतिक विरासत और सनातन मूल्यों को सशक्त करने के साथ-साथ विकास और सुशासन की नई मिसाल स्थापित कर रही है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।