Wednesday, June 24
Shadow

28 जून को जिले में चलेगा सघन पल्स पोलियो अभियान, 61 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

मण्डी, 24 जून ।  जिला मण्डी में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान (आईपीपीआई) को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए बुधवार को जिला टास्क फोर्स की बैठक अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित तिथि 28 जून को नजदीकी पोलियो बूथ अथवा स्वास्थ्य संस्थान में अवश्य लेकर जाएं और पोलियो की खुराक पिलाकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक यह जीवनरक्षक खुराक पहुंचाना आवश्यक है।

बैठक का संचालन करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून 2026 को जिले के शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य संस्थानों तथा निर्धारित बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में इस वर्ष 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के अनुमानित 61,604 बच्चों को अभियान के तहत कवर किया जाएगा, जबकि उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों के 496 बच्चों की विशेष रूप से पहचान की गई है।

उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 1,103 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 4,416 बूथ टीम सदस्य एवं कर्मचारी तथा 231 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 ट्रांजिट स्थलों और 32 विशेष क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा निर्धारित तिथि को पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाता है तो अगले चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाना सुनिश्चित करेंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।

बैठक में सघन पल्स पोलियो अभियान के अतिरिक्त नियमित टीकाकरण, एचपीवी टीकाकरण, टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0, निक्षय मित्र योजना, एनक्यूएएस, कायाकल्प तथा बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने निक्षय मित्रों की ओर से उपलब्ध करवाई गई 100 निक्षय पोषण किट स्वास्थ्य विभाग को सौंपीं। ये किटें क्षय रोग से पीड़ित मरीजों को पोषण सहायता के रूप में वितरित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक गति मिलेगी।  ये पोषण किटें निक्षय मित्र के रूप में अभय एंटरप्राइजिज तथा इंटरएक्टिव फोरम फॉर इंडियन इकोनॉमी द्वारा स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त अतिरिक्त उपायुक्त ने एचआईवी/एड्स कार्यक्रम के अंतर्गत रिस्क असेसमेंट टूल्स का भी शुभारंभ किया, जिससे लोगों में समय पर जांच और जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अलावा शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, पंचायती राज विभाग,  आयुष विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।