Monday, June 22
Shadow

30 जून तक संतोषजनक प्रगति न होने की स्थिति में ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करेंः जगत सिंह नेगी

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आज यहां मंडी एवं ऊना जिला में एचपी शिवा परियोजना की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बागवानी मंत्री ने मंडी जिले के 98 क्लस्टरों में लगभग 1085 हेक्टेयर क्षेत्र तथा ऊना जिले के 12 क्लस्टरों में लगभग 224 हेक्टेयर क्षेत्र में संचालित परियोजना गतिविधियों की समीक्षा की। सिविल कार्यों की स्थिति, पेश आ रही चुनौतियों, कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि रुके कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में समय-सीमा में कोई विस्तार नहीं दिया जाएगा। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि परियोजना के कार्यान्वयन में होने वाली देरी पर सभी स्तरों पर जवाबदेही तय की जाएगी।
जगत सिंह नेगी ने बागवानी विभाग के अधिकारियों को परियोजना गतिविधियों की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों की लापरवाही पर कॉन्ट्रैक्ट के प्रावधानों के तहत प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाए।
उन्होंने कुछ एजेंसियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन पर चिंता जाहिर करते हुए 30 जून तक संतोषजनक प्रगति न होने की स्थिति में कमजोर प्रदर्शन करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट और साथ ही कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने के निर्देश दिए।
बागवानी मंत्री ने सभी हितधारकों को अगली समीक्षा बैठक से पूर्व उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौध स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए सब्जेक्ट मैटर स्पेशलिस्ट और प्रबंधन विशेषज्ञ जवाबदेह होंगे और वे किसानों को विभिन्न कृषि एवं बागवानी कार्यों, के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
उन्होंने जल शक्ति विभाग और राज्य विद्युत बोर्ड को परियोजना स्थलों पर जल एवं विद्युत आपूर्ति की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग पूर्ण हो चुकी सभी उठाऊ सिंचाई योजनाओं का हस्तांतरण करने से पूर्व एक माह तक स्वयं संचालित करें ताकि उनकी कार्यक्षमता का समुचित परीक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
जगत सिंह नेगी ने एचपी शिवा परियोजना के सफल क्रियान्वयन के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए सभी विभागों, ठेकेदारों एवं परामर्शी संस्थाओं को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजना लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के सभी कार्य उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाने चाहिए।
बैठक में धर्मपुर के विधायक चंद्र शेखर, निदेशक बागवानी डॉ. सतीश शर्मा, निदेशक एचपी शिवा परियोजना डॉ. देवेंद्र सिंह ठाकुर, जल शक्ति विभाग, राज्य विद्युत बोर्ड के अधीक्षण अभियंता, उपनिदेशक बागवानी मंडी एवं ऊना, बागवानी विभाग के अधिकारी व परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों के पर्यवेक्षण एवं निगरानी के लिए नियुक्त परामर्शी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।